आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण एवं पोषण ट्रैकर की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें

22


प्रदीप कुमार नायक

मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा के अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ज़िलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण कार्यों में विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से सीमावर्ती (बॉर्डर) क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पोषण ट्रैकर ऐप के विभिन्न सूचकांकों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित कराई जाए तथा बाल विकास परियोजना पदाधिकारी स्वयं इसकी सतत निगरानी करें, ताकि सभी सूचकांकों में जिले का प्रदर्शन बेहतर हो सके। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लंबित आवेदनों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान सभी सीडीपीओ को निर्देश दिया गया कि अगले माह तक इन योजनाओं के आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि में न्यूनतम 10 प्रतिशत की वृद्धि सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान जिले की रैंकिंग में निम्न प्रदर्शन करने वाले पांच बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को अपने-अपने परियोजना क्षेत्र में कार्यों में आवश्यक सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया गया।उक्त बैठक में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here