अमरदीप नारायण प्रसाद
बिथान (समस्तीपुर) बिथान थाना क्षेत्र के मनोरवा गांव में मुहर्रम के दिन दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे दर्जनों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद काफी पुराना था लेकिन त्योहार के दिन छोटी सी बात ने बड़ा रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही बिथान थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को लेकर अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, आवेदन मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।



















































