समस्तीपुर से एम नईमुद्दीन आजाद की रिपोर्ट
समस्तीपुर (चंद्रकांता समाचार)। जिले के सिंघिया प्रखंड व नगर पंचायत क्षेत्र में वसंत पंचमी का त्योहार शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। श्रद्घालुओं ने धूमधाम से माता सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन किया। माता की जयकारे की गूंज के बीच छात्र – छात्राओं ने विभिन्न नदी घाटों व अन्य जलाशयों में प्रतिमा का विसर्जन किया।जगह – जगह माता की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गई। गांव से लेकर नगर पंचायत क्षेत्र तक छात्र – छात्राएं आस्था में सराबोर हो गये। विसर्जन के दौरान हम उम्र के लोग एक – दूसरे के चेहरे पर अबीर व गुलाल लगाकर उल्लासपूर्ण माहौल में प्रतिमा का विसर्जन किया। इससे पूर्व बुधवार को प्रखंड व नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों व बाजारों में शिक्षण संस्थानों में माता सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना किया गया। वहीं महिलाओ ने खोइंचा देकर माता को विदा किया और पुन: अगले साल आने की मंगल कामना की। प्रखंड के विष्णुपुर डीहा पंचायत के अंतर्गत ग्राम सोनसा में आरपी पब्लिक स्कूल, हरदिया पंचायत के मिल्की गांव में लक्ष्य कोचिंग सेंटर, विद्या बिहार पब्लिक स्कूल, नगर पंचायत स्थित न्यू होली मिशन पब्लिक स्कूल समेत प्राय: सभी शिक्षण संस्थानों में धूमधाम से पूजा सम्पन्न हुआ।























































