संजय भारती
समस्तीपुर। हसनपुर में छात्र संगठनों ने शनिवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जूलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और शिक्षा सुधारों की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर व देश के विभिन्न हिस्सों समेत बिहार के पटना, दरभंगा, समस्तीपुर, कटिहार, बेगूसराय सहित अन्य जगहों मे छात्रों के द्वारा विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज लोकतंत्र पर सीधा हमला है। छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को अलोकतांत्रिक बताया। छात्र संगठनों ने कहा कि अपने कर्तव्यों का पालन करने में विफल रहने वाले केन्द्र सरकार को टकराव के बजाय छात्रों के साथ संवाद का रास्ता अपनाकर सकारात्मक समाधान निकालना चाहिए न कि देश के बच्चों के साथ बर्बरता की जानी चाहिए? छात्र संगठनों ने केंद्र सरकार से मांग रखते हुए कहा कि विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध व छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्र युवाओं की रिहाई, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, एनटीए को भंग करने, एनपीए को रद्द करने एवं छात्र आंदोलनो पर पुलिसिया कार्रवाई बंद करने को लेकर शनिवार को जूलूस निकालकर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। जूलूस भ्रमण के दौरान छात्रों ने कहा छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक जनदबाव जरुरी है। मौके पर विकास कुमार उर्फ डब्ल्यू जी, रुपेश कुमार, शिवराज कुमार, संतोष कुमार, जयकुमार, राज कुमार, अमित कुमार, राजू कुमार, राकेश कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र संगठनों के लोग थे।
























































