समस्तीपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में विभागीय निदेशानुसार प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के नेतृत्व में विश्व पृथ्वी दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पृथ्वी की रक्षा करने, पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने,जल,वायु और प्राकृतिक संसाधनों का समझदारी से उपयोग करने, पेड़ लगाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने एवं संतति हेतु एक हरा भरा और सुरक्षित पृथ्वी बनाने का विश्व पृथ्वी दिवस संकल्प प्रधानाध्यापक के द्वारा दिलाया गया। इसके बाद मीना मंच के बाल बैंड की धुन पर बाल संसद,इको क्लब के सदस्यों के द्वारा गगनचुंबी नारों के साथ रूपनारायणपुर बेला पंचायत के मुख्य मार्ग होते हुए जागरूकता रैली निकाली गई।रैली में बालक एवं बालिकाओं के हाथों में धरती की हरियाली, पर्यावरण संतुलन, प्रकृति के संरक्षण से संबंधित सैकड़ो स्लोगन लिखे तख्ती एवं मनमोहक नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के इको क्लब मिशन फॉर लाइफ के तहत सरकार द्वारा पूरे देश के विद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस 2026 हेतु पृथ्वी बचाओ, एक जीवन बचाओ, हम सबको बचाओ थीम घोषित किया गया था,जिसे प्रसारित किया गया।रैली का नेतृत्व शिक्षिका विमला कुमारी एवं इंदिरा कुमारी ने किया।मौके पर शिक्षक मो.सादुल्लाह,दिवाकर कुमार सिंह,संजीव कुमार झा, कोमल पांडे, खुशबू राय, बाल संसद की प्रधानमंत्री अनन्या कुमारी व मंत्री, इको क्लब यूथ क्लब के सदस्य, शिक्षा सेवक कैलाश सदा आदि ने भरपूर सहयोग किया।























































