बिहार राज्य फुटबॉल चैंपियनशिप के छठे दिन खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में जितवारपुर (समस्तीपुर) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एस.ओ.एस. फुटबॉल क्लब को 3-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच की शुरुआत से ही जितवारपुर की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और दमदार रणनीति का परिचय देते हुए लगातार तीन गोल किए और पूरे मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा। शानदार जीत के साथ टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
अब 22 जुलाई 2026 को शाम 4:00 बजे जितवारपुर कॉलेज ग्राउंड, समस्तीपुर में होने वाले महा फाइनल में जितवारपुर (समस्तीपुर) का मुकाबला बेगूसराय की टीम से होगा। इस रोमांचक मुकाबले का खेल प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।
द उम्मीद के संस्थापक अमरजीत ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की ओर ले जाता है तथा उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा देता है।
द उम्मीद कप 2026 का संदेश “नशा छोड़ो, सपनों को अपनाओ” (Kick Out Drugs, Kick In Dreams) युवाओं को अपने जीवन में खेल, शिक्षा और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता देने का आह्वान करता है।























































