समस्तीपुर : विभूतिपुर प्रखंड संसाधन केंद्र में गुरुवार को शिक्षक दिवस के अवसर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कृष्णदेव महतो ने कहा कि शिक्षक अपने छात्र के प्रति ही सचेष्ट नहीं होते, वे समाज के प्रति भी उत्तरदायी होते हैं।किसी देश की दिशा तय करने बागडोर शिक्षकों के होती है।वे सिर्फ ज्ञान ही नहीं देते, चरित्र का भी निर्माण करते हैं। शिक्षक के योगदान का कोई प्रतिदान नहीं,वे बहुमूल्य हैं। कार्यक्रम के मंच का संचालन करते हुए लेखा सहायक योगेश कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षक संसाधनों की कमी को अपने वैकल्पिक प्रयासों से पूरा करें।उन्होंने कहा कि शैक्षिक स्थिति में सुधार लाने और उनकी रुचि बढ़ाने के लिए छात्रों की सृजनात्मक प्रतिभा का विकास किया जाये। कार्यक्रम में मध्य विद्यालय,चकफतेहगंज की शिक्षिका प्रीति और मध्य विद्यालय, गंगौली के शिक्षक अरुण कुमार को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इनके अतिरिक्त अविनाश कुमार, सुभाष कुमार, अरुण कुमार ठाकुर, राजाराम महतो, राजकुमार चौधरी , ललित कुमार, वरुण कुमार, प्रमोद कुमार , रामेश्वर प्रसाद और रामजी मल्लिक को लेखन सामग्री दी गयी। सम्मानित होने वाले शिक्षकों ने बीआरसी परिसर में पौधरोपण किया।इस अवसर पर प्रशांत कुमार,सरोज प्रभाकर, सुशील देव सिंह,मंजर लाल राय, अमित कुमार, रविशंकर कुमार सुशील कुमार,पिंटू कुमार, बैद्यनाथ प्रसाद आदि मौजूद रहे।






















































