शिवमय हुआ विद्यापतिधाम, डेढ़ लाख से ज्यादा भक्तों ने किया जलार्पण पवित्र श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर लगा शिवभक्तों का तांता

314

समस्तीपुर : विद्यापतिनगर में सावन माह की दूसरी सोमवारी पर मिथिलांचल के सुप्रसिद्ध बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम उगना मंदिर में अल सुबह से ही भक्त और भगवान पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसमूह उमड़ पड़ी। विद्यापतिधाम मंदिर सहित आस पास का इलाका रविवार की देर शाम से ही बोलबम , जय शिव व हर हर महादेव के जयकारे की अनुगूंज से गूंजायमान हो उठा था। रविवार की देर रात्रि से ही मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जो सोमवार की शाम तक जारी रहा। सुबह 2 बजे खुला पट, डेढ़ लाख से अधिक शिव भक्तों ने किया जलाभिषेक। भक्त और भगवान की मिलन नगरी में सोमवार को अल सुबह करीब 2 बजे से ही मंदिर में शिव भक्तों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई। दोपहर बाद तक जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। अहले सुबह से देर शाम तक हर हर महादेव के जयकारों से पूरा विद्यापतिधाम गुंजमान बना रहा। आस्थावान शिव भक्तों व श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को गंगा जल,दुग्ध, बेलपत्र, भांग,धतूरा, शनि पत्र व फूल माला से पूजा अर्चना कर अपनी व अपने परिवार के लोगों की सुख- समृद्धि की कामना की। सावन की सोमवारी होने की वजह से कई श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक भी किया। करीब दो बजे सुबह में भगवान भोलेनाथ का पट खुलने के साथ ही मंदिर के पुजारियों ने सबसे पहले दैनिक पूजन व भगवान शिव का फूलों से श्रृंगार कर श्रद्धालुओं के पूजन व दर्शन के लिए पट खोल दिया गया। जलाभिषेक व पूजन को लेकर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में जुटी रही। जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। महिला श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक दिखीं। न्यास समिति की ओर से की गई थी व्यापक व्यवस्था उधर मंदिर न्यास समिति की ओर से श्रावणी मेला के मद्देनजर विद्यापतिधाम मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाबा विद्यापति उगना महादेव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर ठहराव, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई थी। भीड़ नियंत्रण व श्रद्धालुओं के जलाभिषेक में सुलभता के लिए जिला प्रशासन की ओर से पूरे विद्यापतिनगर को इलाके को कई सेक्टर में बांट कर मजिस्ट्रेट व करीब 100 महिला – पुरुष सुरक्षा की तैनाती की गई थीं। इस दौरान मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष नवल किशोर गिरि, सचिव सतीश कुमार गिरि, उप सचिव शुभम् गिरि, कोषाध्यक्ष मनीष गिरि, वरीय सदस्य नन्हें गिरि, मनोज गिरि, गोपाल गिरि, लालबाबू गिरि, संकित गिरि तथा भारी संख्या में पुलिस के जवान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व समुचित व्यवस्था में तल्लीन दिखे। मऊ आखाड़ा घाट से नवयुवक कावरियों विकास सिंह, धीरज सिंह बंटी, मनीष सिंह छोटू, मन्नू सिंह ने पवित्र गंगा की सहायक वाया नदी से जल उठा कर दंड देते हुए विद्यापतिधाम मंदिर की कष्टप्रद यात्रा करीब 13 घंटे में पूरी की। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते बन रहा था। मंदिर परिसर में आए श्रद्धालुओं पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही थी। बताते हैं कि जलाभिषेक के लिए आस-पास के जिलों के अलावा झारखंड,उत्तरप्रदेश एवं बंगाल के कुछ हिस्सों से श्रद्धालु विद्यापतिधाम पहुंचे थे। इधर विद्यापतिधाम में आएं बच्चों ने मेला का भरपूर आनंद लिया। विद्यापति स्मारक चौक स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, प्रखंड मुख्यालय रोड, स्टेशन रोड में काफी भीड़ देखी गई। सुरक्षा व्यवस्था के साथ रूट को किया गया था डायवर्ट गर्भगृह व मंदिर परिसर के साथ ही बैरियर पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस लगाई गई थी। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। बजरंगी चौक व सुभानीपुर तीन मुहानी से रूट डायवर्जन किया गया था। एसएचओ फिरोज आलम पूरी प्रशासनिक व्यवस्था का मॉनिटरिंग करते दिखें। वहीं मंदिर के पुजारी अमरनाथ गिरि व कामेश्वर गिरि सहित अन्य पंडा ने संध्या में श्रृंगार पूजा कर सुख, समृद्धि की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here