समस्तीपुर, 7 जुलाई। महिला एवं बाल विकास निगम, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र, समस्तीपुर एवं महिला एवं बाल विकास निगम के संयुक्त सहयोग से उच्च माध्यमिक विद्यालय में सखी वार्ता व बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को बाल विवाह, महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम, समस्तीपुर से जेंडर स्पेशलिस्ट राजेश कुमार,डॉली कुमारी एवं कुणाल कुमार उपस्थित रहे। जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र की ओर से दीप्ति कुमारी (जिला कार्यक्रम समन्वयक) एवं शोभानंद सिंह (सामुदायिक सामाजिक कार्यकर्ता) ने छात्राओं को संबोधित किया। वहीं प्रयास संस्था के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
राजेश कुमार ने बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुप्रथा होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध है। बालिकाओं के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा बालकों के लिए 21 वर्ष निर्धारित है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से लड़कियों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह बाल विवाह की सूचना संबंधित विभाग को देकर इसे रोकने में सहयोग करे।
इस अवसर पर दीप्ति कुमारी ने छात्राओ को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा अन्य सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न, बाल विवाह या बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की सूचना तत्काल संबंधित विभाग अथवा हेल्पलाइन पर देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बाल विवाह का विरोध करने, अपनी शिक्षा जारी रखने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बाल विवाह मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने तथा सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंदेश्वर पासवान , शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्राओं तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।























































