समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में बुधवार 20 मई की अहले सुबह करीब 3 बजे, एसटीएफ व बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में, एक कुख्यात बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। एसटीएफ (STF) व डीआईयू (DIU) के द्वारा की गयी, इस संयुक्त कार्रवाई में घायल बदमाश को टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर में भर्ती कराया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ एवं डीआईयू को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि, उजियारपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर देसुआ गांव स्थित एक सुनसान स्थान पर, कई लूट की घटनाओं में संलिप्त बदमाश इकट्ठा होकर लूट की रकम का आपस में बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी।
बताया जाता है कि, डीआईयू व एसटीएफ की टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद एसटीएफ व डीआईयू की टीम ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। जहां जबाबी कार्रवाई के दौरान “प्रिस कुमार ” नाम के एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। हालांकि अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर उसके दो अन्य साथी भागने में सफल रहे।
घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह, नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, अपर थानाध्यक्ष वत्स राहुल राजपूत सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे, और पूरे मामले की जानकारी ली। एसटीएफ व डीआईयू के द्वारा घटनास्थल से हथियार, कारतूस तथा अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए जाने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस की ओर से घटना से संबंधित आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि घायल बदमाश जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में हुई, कई लूट की घटनाओं में वांछित था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना बुधवार 20 मई की अहले सुबह लगभग तीन बजे की बताई जा रही है। मुठभेड़ के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।























































