समस्तीपुर। वर्षों से सुरक्षित घाट की प्रतीक्षा कर रहे विद्यापतिनगर प्रखंड के हरपुर बोचहा के लोगों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। गंगा की सहायक वाया नदी के किनारे 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे आधुनिक सीढ़ी घाट न केवल छठ और अन्य धार्मिक आयोजनों को सुविधाजनक बनाएंगे, बल्कि नदी तट के सौंदर्यीकरण, पर्यटन और बाढ़ के समय जनसुविधा का भी नया अध्याय लिखेंगे। हरपुर बोचहा पंचायत में वाया नदी का किनारा अब विकास और आस्था का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग की ओर से करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से वाया नदी पर चार आधुनिक सीढ़ी घाटों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित घाट की सुविधा मिलने के साथ-साथ नदी तट की तस्वीर भी पूरी तरह बदल जाएगी। इस बाबत मुखिया प्रेमशंकर सिंह ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी की पहल पर हरपुर बोचहा पुल चौक, मध्य विद्यालय के समीप, पंचायत भवन, खनुआं घाट तथा बमौरा के निकट आधुनिक सीढ़ी घाट बनाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक छठ महापर्व, कार्तिक स्नान और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को कच्चे घाटों पर काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बारिश और बाढ़ के दिनों में स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती थी। पक्के सीढ़ी घाट बनने के बाद महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही बाढ़ के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी इन घाटों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना केवल घाट निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि वाया नदी के पूरे तट को नई पहचान देने वाली पहल है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और क्षेत्र का सौंदर्य भी निखरेगा। इस ओर प्रमुख कृष्णा देवी, उपप्रमुख रामलखन साह, प्रो. संजीव कुमार सिंह, राम बाबू चौरसिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि यह हरपुर बोचहा के लिए एक ऐतिहासिक विकास कार्य है। आने वाले समय में यह घाट न सिर्फ आस्था का केंद्र होंगे, बल्कि पंचायत के विकास और पहचान के नए प्रतीक के रूप में भी स्थापित होंगे।
























































