नवादा से अनिल शर्मा की रिपोर्ट
नवादा : नवादा जिले के काशीचक थानाक्षेत्र के दौलाचक गाँव के बधार में करीब बारह बीघा जमीन में लगी गेहूँ की फसल को आसामाजिक तत्वों द्वारा जहरीली दवा का छिड़काव कर नष्ट कर दिये जाने का मामला प्रकाश में आया है । घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है । पीड़ित किसानों ने काशीचक थानाध्यक्ष को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है । घटना की जड़ में जमीन विवाद होने की बात कही जा रही है । उक्त जमीन ग्रामीण मिथिलेश सिंह , अवधेस सिंह , उमेश सिंह , श्रवण कुमार और शांति देवी की है । फसल नष्ट किये जाने के बाद पीड़ित किसानों के आँसू नही थम रहे हैं ।
इस बाबत किसान मिथलेश सिंह ने बताया शनिवार की शाम से अचानक हरी भरी फसल सूखने लगी । यह किसकी करतूत है , हमलोग नही जानते । मगर फसल नष्ट कर दिए जाने से हालोगों के समक्ष जीवन यापन करने में भारी समस्या आन पड़ी है । क्योंकि उक्त जमीन में धान की फसल भी नही उपज सकी थी । अब गेहूँ की फसल नष्ट कर दिए जाने से भोजन के लाले हैं । पूर्व जिला पार्षद सह काँग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश कुमार उर्फ मनटन सिंह ने पीड़ित परिवारों से मिलकर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया ।
ग्रामीण उक्त जमीन को लेकर लम्बे समय से जमीन विवाद होने की बात स्वीकारते हैं । ग्रामीणों ने बताया कि उक्त जमीन विवाद में गांव के ही चंद दबंगों द्वारा वर्ष 2000 में धान की फसल जला दी गई थी । मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दौलाचक ग्रामीण राम पदारथ सिंह के पुत्र त्रिपुरारी सिंह को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था । उक्त मामले में त्रिपुरारी सिंह करीब दस साल की सजा काट कर बाहर आया । उसके बाद से उसके परिजनों ने उक्त भूमि पर मालिकाना हक जताते हुए अदालत की शरण ली और केस हार गए थे । साल भर पूर्व तत्कालीन थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल ने उक्त जमीन पर धारा 144 के तहत मामला दर्ज कराया । जिसमें फैसला पीड़ित किसान मिथलेश सिंह व अन्य फरीकदारों के पक्ष में गया । तब थानाध्यक्ष द्वारा जनता दरबार मे दोनों पक्षों में सुलह भी करवाया गया था । मगर फसल नष्ट किये जाने के बाद पीड़ित किसान काफी डरे सहमे हैं । और किसी व्यक्ति विशेष का नाम लेने से परहेज कर रहे हैं ।
इस बाबत थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि मामले से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है । जल्द ही घटना में शामिल दोषियों को चिन्हित कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी ।




















































