समस्तीपुर :
जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र, समस्तीपुर द्वारा एक्सेस टू जस्टिस कार्यक्रम अंतर्गत जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन अलायंस के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न गांवों एवं धार्मिक स्थलों पर बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मोरवा प्रखंड कार्यालय परिसर से बाल विवाह मुक्ति रथ को बीडीओ अरुण कुमार निराला द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर पिंकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सामाजिक कार्यकर्ता सरिता कुमारी ने कहा कि यह समस्तीपुर के लिए गौरव की बात है कि जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र द्वारा संचालित यह रथ लोगों को बाल विवाह जैसी कुरीति के खिलाफ जागरूक कर रहा है। उन्होंने सभी से अभियान का समर्थन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शपथ ली कि समाज में लड़की की 18 वर्ष से पहले और लड़के की 21 वर्ष से पहले शादी नहीं होने देंगे तथा कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित प्रशासन को देंगे।
दीप्ति कुमारी ने बाल विवाह रोकथाम हेतु निकाली गई इस यात्रा की आवश्यकता और उद्देश्य पर प्रकाश डाला, जिसके बाद लोगों ने हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया।
जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र, समस्तीपुर के कार्यकर्ता पप्पु यादव ने बताया कि यह रथ 24 जनवरी से 8 मार्च तक जिले के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में जाकर लोगों को जागरूक करेगा।
इसी तरह ताजपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री रवि भूषण ने भी प्रखंड मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह निषेध अधिनियम का सबकी भागीदारी और जन जागरण से अनुपालन से यह सामाजिक कुरीति पर विजय पा सकते हैं। बाल विवाह के दुष्परिणाम तथा बाल अधिकारों पर नारे लगाकर संकल्प दिलाया गया। वक्ताओं ने बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक जिम्मेदारी, जागरूकता और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया।
मौके पर जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र के कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. दीप्ति कुमारी, मयंक कुमार सिन्हा, राजीव कुमार साह, दिनेश प्रसाद चौरसिया, वीभा कुमारी, माजदा खारुन, रवि कुमार मिश्रा, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, विनोद कुमार गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।























































