रेलवे सुरक्षा बल, समस्तीपुर द्वारा ईमानदारी की मिसाल

173


समस्तीपुर,रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट समस्तीपुर ने एक बार फिर अपने कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी का परिचय देते हुए “ऑपरेशन अमानत” के तहत सराहनीय कार्य किया है।
आरपीएफ कमांडेंट आशीष कुमार के निर्देशन में कार्य करते हुए टीम ने ड्यूटी से बढ़कर जिम्मेदारी निभाई और एक यात्री का खोया हुआ पर्स सुरक्षित बरामद कर उसे सुपुर्द किया।
दिनांक 18.02.2026 को “रेल मदद” के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 19483 के A2 कोच में एक यात्री का पर्स छूट गया है, जिसमें नगद राशि एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद हैं। गाड़ी के समस्तीपुर आगमन पर महिला आरक्षी अनीता मीणा ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित कोच के सीट संख्या 16 की जांच की और पर्स बरामद किया।
बरामद पर्स में ₹5760 नगद, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज पाए गए। आवश्यक सत्यापन के उपरांत पर्स को आरपीएफ पोस्ट, समस्तीपुर में सुरक्षित रखा गया।
दिनांक 19.02.2026 को यात्री ईश्वर चंद मंडल, सा०–सागरपुर सकरी, जिला मधुबनी, पोस्ट समस्तीपुर पर उपस्थित हुए। विधिवत सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद एसआई श्याम सुन्दर कुमार द्वारा उन्हें उनका पर्स सकुशल सुपुर्द किया गया।
पर्स प्राप्त करने के उपरांत यात्री ने भावुक होकर कहा कि “आज के समय में जहाँ लोग छोटी-छोटी रकम के लिए बेईमानी कर बैठते हैं, वहीं आरपीएफ समस्तीपुर ने पूरी ईमानदारी के साथ मेरी राशि और दस्तावेज सुरक्षित लौटाकर सराहनीय कार्य किया है।” उन्होंने आरपीएफ समस्तीपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति तहे दिल से आभार व्यक्त किया।
आरपीएफ समस्तीपुर द्वारा प्रदर्शित यह ईमानदारी और तत्परता ‘ऑपरेशन अमानत’ की सफलता को दर्शाती है तथा आम यात्रियों के बीच सुरक्षा और विश्वास को और मजबूत करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here