समस्तीपुर: 10 march 2026_ को पूर्वाह्न 11:00 बजे राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, दौलतपुर तथा उर्दू एवं प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित जाति, बेगमपुर वार्ड संख्या–13 में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) फ्रंटियर बेसिन, देहरादून (सीएसआर) के सहयोग से विकसित मॉडल स्कूल का उद्घाटन जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि उक्त विद्यालयों का विकास ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) फ्रंटियर बेसिन, देहरादून के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत किया गया है, जिसके माध्यम से विद्यालय में शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया गया तथा विद्यालय में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कक्षा-कक्ष, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य शैक्षणिक संसाधनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और विद्यालय प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद भी किया तथा उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत इस प्रकार के प्रयास शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होता है तथा उनके सर्वांगीण विकास में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारीगण, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Home चंद्रकांता न्यूज़ विकसित मॉडल स्कूल का उद्घाटन जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा किया...























































