पुनीत झा मुजफ्फरपुर
, मुजफ्फरपुर। जिले में कोरोना के केस सामने आने के बाद इस बार नववर्ष के पहले दिन मंदिरों में आने वाले भक्तों को प्रोटोकोल का पालन करना होगा। बाबा गरीबनाथ मंदिर में भी इस बार भक्तों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत बाबा के दर्शन करना होगा। अगर वे मास्क पहनकर नहीं आएंगे तो बाबा के दर्शन करने से वंचित होंगे। मंदिर प्रशासक पंडित विनय पाठक ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर का खतरा मंडरा रहा है। मुजफ्फरपुर में भी कोरोना के केस सामने आए हैं। ऐसे में एहतियात बरतना बेहद जरूरी है। भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही करीब ढ़ाई सौ सेवा दल के सदस्यों की तैनाती की गई है। भक्त बैरिकेडिंग के अंदर ही कतार लगाकर बाबा के दर्शन करेंगे। मंदिर प्रशासक ने पुलिस प्रशासन से भी फोर्स की तैनाती करने की मांग की है।























































