जीविका द्वारा जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना कार्यक्रम का आयोजन किया गया

34

समस्तीपुर जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत जीविका द्वारा जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जीविका के सहयोग से किरण संकुल संघ, बिसनपुर, समस्तीपुर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक चलने वाले मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर जीविका के कैडर एवं सदस्यों को स्व-गणना की प्रक्रिया, उसके महत्व तथा इसमें उनकी भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में 100 से अधिक जीविका दीदियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को बताया गया कि वे किस प्रकार स्वयं अपनी जनगणना कर सकते हैं तथा यह प्रक्रिया किस प्रकार सरल, सटीक एवं पारदर्शी बनाई जा सकती है। साथ ही स्व-गणना के लाभों एवं इसकी उपयोगिता पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
जीविका के प्रतिनिधियों ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें, ताकि जनगणना कार्य को सफल बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जीविका कैडर एवं सदस्यों को लिंक के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने स्व-गणना अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री विक्रांत शंकर सिंह, जिला प्रबंधक श्री नीरज कुमार सिन्हा एवं श्री संतोष कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री अंजनी कुमार, प्रखंड स्तरीय जीविका कर्मी एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here