29 मई को रिलीज होगी बायोपिक फिल्म ‘द इंडियन लेनिन : बाबू जगदेव’

13

बिहार-झारखंड के 200 कलाकारों ने निभाई अहम भूमिकाएँ, सामाजिक संघर्ष की कहानी दिखाएगी फिल्म

पटना, 12 नवंबर : अमर शहीद जगदेव प्रसाद के जीवन संघर्ष पर आधारित बहुप्रतीक्षित बायोपिक फिल्म ‘द इंडियन लेनिन : बाबू जगदेव’ आगामी 29 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के निर्माता सुभाष कुमार एवं सिद्धार्थ कुमार ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि यह फिल्म सामाजिक न्याय और संघर्ष की ऐतिहासिक कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी।

निर्माताओं ने बताया कि बाबू जगदेव प्रसाद बिहार के ऐसे जननेता थे, जिन्होंने दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज समेत 90 प्रतिशत शोषित एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। अपने आंदोलन और विचारों के कारण वे जनता के बीच “इंडियन लेनिन” के नाम से प्रसिद्ध हुए। संघर्ष के दौरान जहानाबाद के कुर्था में वे शहीद हो गए थे।

फिल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी के अनुसार फिल्म की शूटिंग 2 फरवरी 2023 से बिहार और झारखंड के कई इलाकों में की गई। जहानाबाद के कुरहारी, गया जिले के डुमरिया, इमामगंज, बांकेबाजार सहित झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में फिल्मांकन हुआ। फिल्म में 1932 से 1974 तक के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक परिवेश को विस्तार से दिखाया गया है।

फिल्म में बाबू जगदेव प्रसाद के बचपन, पारिवारिक जीवन, गांव के माहौल और उनके सामाजिक संघर्षों को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कहानी में छुआछूत, अंधविश्वास, ऊँच-नीच, अमीरी-गरीबी और ब्राह्मणवादी व्यवस्था जैसी सामाजिक विसंगतियों को प्रमुखता से उठाया गया है। निर्देशक का कहना है कि यह फिल्म केवल एक व्यक्ति की जीवनी नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की लड़ाई की कहानी है।

फिल्म की खास बात यह है कि इसमें बिहार और झारखंड के करीब 200 स्थानीय कलाकारों ने अलग-अलग भूमिकाएँ निभाई हैं। दमदार संवाद, प्रभावशाली एक्शन और वास्तविक घटनाओं पर आधारित दृश्यों के माध्यम से फिल्म दर्शकों को उस दौर की राजनीति और सामाजिक परिस्थितियों से रूबरू कराएगी। फिल्म युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम जनता की भावनाओं को गहराई से छूने का प्रयास करती है।

वहीं अभिनेता संजय कुमार ने भी फिल्म में डीएसपी का अहम किरदार निभाया है। फिल्म के निर्माताओं का दावा है कि ‘द इंडियन लेनिन : बाबू जगदेव’ बिहार की सामाजिक और राजनीतिक चेतना को बड़े पर्दे पर नई पहचान देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here