सपनों को मिला सम्मान”उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर में मेधा सम्मान समारोह का भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक आयोजन

385

समस्तीपुर: रसलपुर, सरायरंजन:आज उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रसलपुर का प्रांगण केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि सपनों, संघर्षों और सफलताओं का जीवंत साक्षी बन गया, जब मेधा सम्मान समारोह का आयोजन अत्यंत भावुक, प्रेरणादायक और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा तथा कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षा 2026 में सफलता प्राप्त करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं मैट्रिक बोर्ड परीक्षा में विद्यालय स्तर पर 467 सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र योगेश कुमार, 439 अंक प्राप्त करने वाले अंशु कुमार, 426 अंक प्राप्त करने वाले छात्र अमन कुमार तथा 414 अंक प्राप्त करने वाली छात्रा प्रिया कुमारी के साथ ही इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में 447 अंक प्राप्त करने वाली छात्रा प्रिति कुमारी को विशेष रूप से उनके अभिभावकों के साथ सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री मनीष चन्द्र प्रसाद ने की, जबकि मंच संचालन अंग्रेजी शिक्षक श्री महेश कुमार राम ने अत्यंत प्रभावशाली एवं भावपूर्ण ढंग से किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री हरदेव राय, सदस्य श्री राम सागर राय एवं अक्षेवर राय की उपस्थिति ने इस अवसर को और भी गरिमामय बना दिया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री हरदेव राय ने अपने संबोधन में कहा—“आज का यह सम्मान आपके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है। याद रखिए, कठिनाइयाँ ही आपको मजबूत बनाती हैं, और निरंतर परिश्रम ही आपको शिखर तक पहुँचाता है। आप ही हमारे समाज की आशा हैं, आप ही हमारे भविष्य की पहचान हैं।”

प्रधानाध्यापक श्री मनीष चन्द्र प्रसाद ने जब विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि—“जीवन में सफलता पाने के लिए नियमितता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण अत्यंत आवश्यक है। बोर्ड परीक्षा वह मोड़ है, जहाँ से आपकी दिशा तय होती है। यदि आपने यहाँ अपने आपको साबित कर दिया, तो आगे की राह अपने आप आसान होती चली जाएगी। आप केवल अपने लिए नहीं, बल्कि अपने परिवार, अपने समाज और अपने राज्य के सपनों को भी साथ लेकर चल रहे हैं।” उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि “सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए आप हर दिन मेहनत करते हैं, हर कठिनाई से लड़ते हैं और कभी हार नहीं मानते।”

उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय के सभी समर्पित शिक्षक-शिक्षिकाओं के अथक प्रयास से विद्यालय में न केवल पढ़ाई, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और आत्मविश्वास के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में सफल हो सकें।

इस अवसर पर सभी शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अटूट विश्वास और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। समारोह में उपस्थित अभिभावकों की नम आँखें और गर्व से भरे चेहरे इस बात के साक्षी थे कि उनके बच्चों ने न केवल परीक्षा में सफलता पाई है, बल्कि उनके सपनों को भी एक नई उड़ान दी है।
इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण—संजय कुमार मल्लिक, ललित कुमार, जितेन्द्र कुमार, प्रमोद कुमार सहनी, मो० असगर अली, फूलेन्द्र कुमार, वैदेही कुमारी, कोमल कुमारी, ज्योति भारती तथा लिपिक चन्द्रमणी सूर्येश सहित अन्य उपस्थित रहे।

अंत में विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को हृदय से शुभकामनाएँ देते हुए यह विश्वास व्यक्त किया कि यही मेधावी विद्यार्थी आने वाले समय में समाज, राज्य और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे तथा एक सशक्त, शिक्षित और समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here