मुजफ्फरपुर। पत्नी के अपहरण के बाद अब तक उसकी बरामदगी नहीं होने से क्षुब्ध पति ने गुरुवार को समाहरणालय गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। जानकारी के मुताबिक, जिले के तुर्की ओपी क्षेत्र के धरमुहा गांव निवासी विपिन सहनी की पत्नी हेमा का 21 जनवरी की रात राजकुमार समेत अन्य ने मिलकर अपहरण कर लिया। वे लोग उसे घर के बाहर से अगवा कर ले गए थे। इसके बाद अगले दिन तुर्की ओपी पर शिकायत करने जाने पर पुलिस ने डांट फटकार कर उसे भगा दिया। उस दिन से लेकर आजतक वह लगातार थाना से लेकर वरीय अधिकारियों के दफ्तर के चक्कर काट रहा है। लेकिन, न तो उसकी पत्नी बरामद हुई और न आरोपी गिरफ्तार हुए। केस तो दर्ज हो गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात से क्षुब्ध होकर पीड़ित पति ने गुरुवार को समाहरणालय गेट के पास अपने शरीर पर केरोसिन डालकर आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। हाथ से माचिस और तेल का डिब्बा छीनकर दूर फेंका। इससे कुछ देर के लिए वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंचे टाउन थाना के दरोगा ओमप्रकाश ने युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे थाना ले जाया गया। इस दौरान युवक विपिन ने बताया कि 21 जनवरी की रात उसकी पत्नी शौचालय करने निकली थी। इसी दौरान पूर्व से घात लगाए आरोपियों ने उसे जबरन खींचकर बाइक पर बैठा लिया और भागने लगे। महिला ने शोर मचाया तो वह दौड़कर बाहर निकला। देखा कि आरोपी उसकी पत्नी को अगवा कर ले जा रहे हैं। उसने पकड़ने की कोशिश की तो एक आरोपी ने उसे धक्का मारकर गिरा दिया और भाग निकले। पुलिस का कहना है कि शादी की नीयत से अपहरण करने की एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दो आरोपियों को जेल भी भेजा जा चुका है। उसकी पत्नी की बरामदगी को लेकर छापेमारी की जा रही है। इधर, युवक को हिरासत में रखा गया है। टाउन थानेदार अनिल कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















































