समस्तीपुर: कल्याणपुर में भारत सरकार के सीबीसी द्वारा 3 दिवसीय फोटो प्रदर्शनी देखने के लिए दूसरे दिन भी लोगों का तांता लगा रहा
भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो (सी.बी.सी.), पटना द्वारा कल्याणपुर के प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में “विकसित भारत का अमृत काल, सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 साल” विषय पर 3 दिवसीय फोटो प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे दिन भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम स्थल में भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याण योजनाओं पर लगाए गए फोटो प्रदर्शनी को देखने के लिए सुबह से लोगों खासकर बच्चों का तांता लगा रहा।
दूसरे दिन के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय संचार ब्यूरो, पटना के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे लगभग सभी योजनाओं एवं विगत 11 वर्षों में भारत सरकार द्वारा किये गए कार्यों को इस प्रदर्शनी में दिखाया गया है, जिसका आप सभी जरूर अवलोकन कीजिये एवं योजनाओं के विषय में जानकारी प्राप्त कीजिये।
कार्यक्रम के दौरान विभाग में पंजीकृत दल एवं उपस्थित बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसका उपस्थित लोगों ने खुब आनंद उठाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया और सही जवाब देने वाले को मौके पर ही पुरस्कृत किया गये।
कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय संचार ब्यूरो, दरभंगा के सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी मिहिर कुमार झा ने कहा कि कार्यक्रम के तीसरे दिन समापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतिम दिन चित्रकला प्रतियोगिता, स्वच्छता कार्यक्रम, जन जागरुकता रैली इत्यादि कार्यक्रमों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद समापन किया जाएगा।

















































