दलसिंहसराय में बनाये गए बारह माध्यमिक परीक्षा केंद्र, निषेधाज्ञा लागू

401

अमरदीप नारायण प्रसाद।

समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना के तत्वावधान में 17 से 24 फरवरी तक संचालित होनेवाली माध्यमिक परीक्षा 2022 को लेकर बोर्ड की ओर से दलसिंहसराय अनुमंडल मुख्यालय में बारह परीक्षा केंद्र बनाए गये हैं। इनमें छत्रधारी इंटर विद्यालय, संत जोसेफ पब्लिक स्कूल उत्तर व संत जोसेफ पब्लिक स्कूल दक्षिण, आर बी कॉलेज, बालिका उच्च विद्यालय, राष्ट्रीय उच्च विद्यालय, कुसुमवती कन्या मध्य विद्यालय, धनपत प्रिया मध्य विद्यालय, लोटस वैली स्कूल, सक्सेस मिशन स्कूल, प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय रामपुर जलालपुर व उच्च माध्यमिक विद्यालय पगड़ा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर कदाचारमुक्त, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन को लेकर अनुमंडल प्रशासन की ओर से दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। इसको लेकर बुधवार को अनुमंडल सभागार में केंद्राधीक्षकों व प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक एसडीओ ज्ञानेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुई। एसडीओ ने परीक्षा को लेकर कई आवश्यक दिशानिर्देश संबंधित पदाधिकारियों व केंद्राधीक्षकों को दिए। इधर परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्र के आसपास निषेधाज्ञा जारी करते हुए एसडीओ ने कहा कि परीक्षा अवधि में केंद्रों के 500 गज की परिधि में किसी भी प्रकार की बैठक, पांच या पांच से अधिक लोगो की ओर से मजमा लगाना, जुलूस निकालना, लाउडस्पीकर व आग्नेयास्त्र का उपयोग, फोटोस्टेट, इंटरनेट सेंटर व कोचिंग संस्थानों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा और इसका उल्लंघन करने वालो के विरुद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कहा कि महावीर चौक से अवर निबंधन कार्यालय व अन्य परीक्षा केंद्रों के आसपास सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग तथा छत्रधारी इंटर विद्यालय के मुख्य व सहायक द्वार के समीप सभी तरह के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी और 32 नम्बर रेलवे गुमटी पर सभी तरह के वाहन अपनी कतार में ही परिचालित होंगी। किसी भी स्थिति में निषेधाज्ञा आदेश का उल्लंघन करने वालो के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किये जाने की बात कही। एसडीओ ने परीक्षा केंद्रों पर भी परीक्षार्थियों को बोर्ड की ओर से जारी दिशानिर्देश के तहत ससमय परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और प्रवेश करने तथा प्रवेश पत्र व कलम के साथ ही आने की बात कही और कदाचारमुक्त परीक्षा की बात बतायी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here