अमरदीप नारायण प्रसाद
समस्तीपुर : सदर अस्पताल परिसर में करोड़ों की लागत से बने मातृ-शिशु अस्पताल का शुभारंभ कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सत्यनारायण भगवान की पूजा, आरती और हवन के साथ इसकी शुरुआत की गई। इस अवसर पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार और स्वास्थ्य प्रबंधक विश्वजीत आनंद ने यजमान की भूमिका निभाई। अस्पताल में कार्यरत अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी इस पूजा में शामिल हुए। यह अस्पताल 100 बिस्तरों वाला है और इसमें सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य एक ही छत के नीचे महिलाओं और बच्चों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। अस्पताल में प्रसव शल्य चिकित्सा, एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र), पीकू (बाल चिकित्सा गहन चिकित्सा इकाई) सहित महिलाओं और बच्चों के लिए सभी आवश्यक वार्ड संचालित किए जाएंगे। यहां की व्यवस्था हाईटेक होगी। सदर अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार ने बताया कि अस्पताल में सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूजा के साथ विधिवत शुरुआत हो चुकी है और जल्द ही सभी आवश्यक उपकरण और सामान यहां स्थानांतरित कर दिए जाएंगे। इस अस्पताल के शुरू होने से समस्तीपुर के लोगों को महिला और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यह जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण सुधार लाएगा।






















































