किसानों का दुख मेरा दुख, किसी भी कीमत पर किसानों को परेशान नहीं होने दूंगा : कृषिमंत्री राम कृपाल यादव

219

संजय भारती

पटना। बिहार सरकार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने रविवार को पटना सिटी के जल्ला क्षेत्र के बाहरी धवलपुरा में आयोजित किसान परिचर्चा-किसान चौपाल में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने उपस्थित होकर मंत्री का स्वागत किया और अपनी समस्याएँ सीधे उनके समक्ष रखीं। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कृषि विकास, किसान सुरक्षा और किसान सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों को किसी भी कीमत पर परेशान नहीं होने दिया जाएगा। किसानों की पीड़ा मेरी अपनी पीड़ा है, और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्याज उत्पादन में बिहार देश में चौथे स्थान पर है तथा प्याज, आलू एवं सब्जी जल्ला क्षेत्र के मुख्य कृषि उत्पाद हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की चुनौतियों से वे पहले से परिचित हैं और इनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। किसान चौपाल के दौरान किसानों ने सामूहिक रूप से कृषि मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मुख्य रूप से नहर का पक्कीकरण, नेशनल हाईवे के नीचे अंडरपास निर्माण, जलजमाव की समस्या के स्थाई समाधान, समय पर बीज-उर्वरक-कीटनाशक उपलब्धता, सब्जी विक्रय केंद्र की स्थापना और सिंचाई हेतु नियमित बिजली आपूर्ति जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल थी। कृषि मंत्री ने ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि जल्ला क्षेत्र की इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मौके पर किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, स्थानीय विधायक रत्नेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में किसान और कृषि अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here