दरभंगा के अक्षय कुमार झा बने युवाओं की बुलंद आवाज, बिहार विधानसभा में रखा युवा दृष्टिकोण

228

राज्य स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ में प्रभावशाली सहभागिता, राष्ट्रीय मंचों पर भी दर्ज है सशक्त उपस्थिति

दरभंगा….

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग के मेधावी छात्र अक्षय कुमार झा ने एक बार फिर दरभंगा को गौरवान्वित किया है। उन्होंने बिहार विधानसभा में आयोजित विकसित भारत युवा संसद में युवाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस मंच से अक्षय ने राज्य की विकास योजनाओं पर युवाओं की सोच, अपेक्षाएं और सुझावों को बेहद सारगर्भित और तार्किक ढंग से रखा, जो कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताओं में शामिल रहा। युवा संसद का यह आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली, नीति निर्माण और शासन व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अक्षय की सहभागिता ने न केवल दरभंगा, बल्कि सम्पूर्ण बिहार के लिए गर्व का क्षण प्रदान किया।
अक्षय की यह उपलब्धि कोई पहली नहीं है। इससे पूर्व भी वे राजस्थान विधानसभा में आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद में विपक्ष की भूमिका निभाने हेतु आमंत्रित किए जा चुके हैं, जहाँ उनके विचारों ने प्रतिभागियों और निर्णायकों पर गहरी छाप छोड़ी। साथ ही, हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालय युवा महोत्सव में वाद-विवाद प्रतियोगिता के राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने सफलता प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम देशभर में रोशन किया।
उनकी इस सफलता पर विश्वविद्यालय समुदाय में हर्ष की लहर है। कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मुनेश्वर यादव और शोधार्थी रुपेश कुमार यादव ने अक्षय को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लगन, मेहनत और स्पष्ट दृष्टिकोण उन्हें एक सशक्त भविष्य की ओर ले जा रहा है। ऐसे युवा ही देश को नई दिशा देने में सक्षम होते हैं।
मिथिला की धरती से निकलकर राष्ट्रीय मंचों पर अपनी मजबूत पहचान बना चुके अक्षय कुमार झा आज युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुके हैं। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि यदि संकल्प, समर्पण और निरंतर प्रयास हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here