प्रदीप कुमार नायक
28 जून (रविवार)को मधुबनी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मनाया जाएगा “पंचायत विकास दिवस।- प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी पंचायतों में आयोजित होगा पंचायत विकास दिवस।
कल रविवार को आयोजित होने वाले पंचायत दिवस का विषय महिला हितैषी ग्राम पंचायत होगा।
जिले के झंझारपुर प्रखंड की महीनाथपुर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लेशी सिंह
सरकार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले “पंचायत विकास दिवस” के अंतर्गत दिनांक 28 जून 2026 (रविवार) को मधुबनी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने इसको लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए हैं।कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन अथवा निर्धारित सार्वजनिक स्थल पर किया जाएगा। जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, माननीय मंत्री, भवन निर्माण विभाग, बिहार सरकार झंझारपुर प्रखंड की महीनाथपुर ग्राम पंचायत में आयोजित “पंचायत विकास दिवस” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। इस अवसर पर ग्राम सभा के सभी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा, आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं के चयन तथा स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों की चयनित विषय-वस्तुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट पंचायतों द्वारा किए गए विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का भी प्रसारण किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक ग्रामीण नागरिक इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। पंचायत विकास दिवस के अंतर्गत स्थानीयकृत सतत विकास के नौ प्रमुख लक्ष्यों— गरीब मुक्त एवं आजीविका उन्नत पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढाँचा युक्त पंचायत, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत, सुशासन युक्त पंचायत तथा महिला हितैषी पंचायत पर विशेष रूप से चर्चा एवं कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस माह का विषय महिला हितैषी ग्राम पंचायत है। प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।
आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे। किसी भी प्रकार की सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर*06276-222576 पर करे संपर्क।





















































