- पेट्रोल पंप और बाइक शोरूम लूटने पहुंचे थे
- पहले से सादे लिबास में मौजूद पुलिस से हुई मुठभेड़, आठ की गिरफ्तारी
मुजफ्फरपुर। जिले के बरुराज थाना क्षेत्र के फुलवरिया चौक पर रविवार शाम पेट्रोल पंप और बाइक एजेंसी लूटने पहुंचे अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। जिसमें दोनों तरफ से करीब 20 राउंड से अधिक फायरिंग हुई। एनकाउंटर में गोली लगने से तीन अपराधी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से कुल आठ अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जबकि दो भागने में सफल रहे। एक बोलेरो और एक बाइक को भी जब्त किया गया है। अपराधियों के पास से पांच पिस्तौल और गोली भी बरामद हुई है। भाग-दौड़ और अफरातफरी में गिरने से एक पुलिसकर्मी के चोटिल होने की सूचना है। मौके पर एसपी जयंतकांत कैंप कर रहे हैं। बरुराज के अलावा मोतीपुर, साहेबगंज और कथैया थाना की पुलिस सहित काफी संख्या में पुलिस फोर्स वहां मौजूद हैं। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है।जानकारी के मुताबिक, फुलवरिया चौक पर पेट्रोल पंप और एक बाइक एजेंसी एक ही परिसर में है। रविवार शाम दस अपराधी इसे लूटने पहुंचे थे। वे बोलेरो और दो बाइक से थे।पुलिस को घटना की भनक लगते ही पेट्रोल पंप के आसपास सादे लिबास में पुलिस ने कैंप करना शुरू कर दिया। वाहन से अपराधियों के उतरते ही पुलिस ने धावा बोल दिया। पकड़े जाने के डर से अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। तब पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस की तरफ से फायरिंग होता देख अपराध जान बचाने के लिए चौर की तरफ भागे। पुलिस ने भी उनका पीछा किया। चौर में दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। इस दौरान तीन अपराधियों को गोली लगी और वे वहीं पर गिर पड़े। कुल आठ गिरफ्तारी हुई। उन सभी के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। अचानक गोलीबारी होने से इलाके में दहशत फैल गया। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। जब तक गोलीबारी शांत नहीं हुई, अपनातफरी मची रही। जब पुलिस अपराधियों को चौर में से टांग कर अस्पताल भेजने लगी, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।























































