समस्तीपुर से एम नईमुद्दीन आजाद की रिपोर्ट !
समस्तीपुर (चंद्रकांता न्यूज़)। जिले के विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत महिषी पंचायत के 11 वार्ड सदस्यों ने मिलकर ग्रामीण आवास सहायक के खिलाफ बीडीओ से एक लिखित शिकायत की है। इसमें ग्रामीण आवास सहायक बलराम कुमार को पंचायत से हटाने की मांग की है। आवेदन में वार्ड सदस्य धर्मशीला देवी, कंचन कुमारी, कन्हैया प्रसाद सिंह, नीलम कुमारी, रीना देवी, गुड़िया देवी, अंजू देवी, विनोद कुमार राय, राजीव कुमार ठाकुर, रामबाबू राय आदि ने कहा है कि आवास सहायक द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन लोगों ने बताया कि इनके द्वारा गरीब जनता से नजराना वसूली की बातें आम हो गई है। पंचायत के अंदर मनमाने तरीके से इनके द्वारा कार्य किया जाना जनहित में नहीं है। बीडीओ से कार्रवाई की गुहार लगाते हुए कहा है कि ऐसे ग्रामीण आवास सहायक को अविलंब पंचायत से हटाया जाय। वहीं पूछे जाने पर आवास सहायक बलराम कुमार ने बताया कि वार्ड सदस्यों द्वारा उन पर लगाया गया आरोप बेबुनियाद है। बीडीओ धीरज कुमार ने बताया कि आवेदन मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।



















































