समस्तीपुर। मानसून की दस्तक के साथ ही विद्यापतिनगर प्रखंड की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद विद्यापतिधाम के प्रमुख बाजारों,मऊ बाजार और बाजिदपुर बाजार की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। नालियों का पानी सड़कों पर फैलने से हर ओर कीचड़ और जलभराव है। पैदल चलना दूभर बना हुआ है, दोपहिया वाहन चालक फिसलन से जूझ रहे हैं वहीं दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे हैं। हल्की बारिश में ही उत्पन्न हुई यह स्थिति स्थानीय प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है। बाजारों के कई हिस्सों में घंटों तक पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इससे स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। उधर जलजमाव के कारण गंदगी और दुर्गंध भी फैलने लगी है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दुकानदार कुंदन सिंह, नवीन कुमार साह,मैनेजर साह, मो. इबरार, पंकज गिरि, हेमंत कुमार साह,अमन कुमार आदि का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही हाल होता है। सड़क पर पानी भर जाने से ग्राहक बाजार आने से बचते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की समय पर सफाई नहीं होने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नालियों की सफाई, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अभी प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पूरे मानसून में लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।
[7/10, 7:57 PM] chandrakanta2008rk: ,

























































