उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रसलपुर , सरायरंजन में बालिकाओं के सशक्त भविष्य के लिए प्रेरणादायक पहल का शुभारंभ
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रसलपुर, सरायरंजन में बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सखी सहायता डेस्क कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीष चंद्र प्रसाद द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक श्री प्रसाद ने कहा कि “अक्सर बालिकाएँ अपनी पीड़ा, डर और समस्याएँ मन में ही दबाकर रह जाती हैं। सखी सहायता डेस्क उनके लिए वह दरवाज़ा है, जहाँ वे निःसंकोच अपनी बात कह सकेंगी और समाधान पा सकेंगी।” सखी सहायता डेस्क बालिकाओं के लिए एक सुरक्षित और सहयोगी मंच प्रदान करेगा, जहाँ वे शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं व्यक्तिगत समस्याओं से संबंधित विषयों पर निःसंकोच मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगी। निस्संदेह यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक शुभारंभ नहीं, बल्कि उस सोच की शुरुआत है जहाँ बेटियों को डर नहीं, दिशा दी जाती है; चुप्पी नहीं, संवाद मिलता है। उन्होंने बालिकाओं से इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय की शिक्षिका सह सखी सहायता डेस्क की नोडल शिक्षिका गुड़िया कुमारी के मार्गदर्शन में छात्राओं को उनके अधिकारों, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ी जानकारियाँ भी दी जाएँगी, जिससे वे सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बन सकें। नोडल शिक्षिका गुड़िया कुमारी ने बताया कि यह पहल बालिकाओं को यह विश्वास दिलाएगी कि वे अकेली नहीं हैं, विद्यालय परिवार हर कदम पर उनके साथ है।
इस मौके पर विद्यालय की शिक्षिका कोमल कुमारी, ज्योति कुमारी, शिक्षक संजय कुमार मल्लिक, असगर अली, ललित कुमार, जितेन्द्र कुमार, प्रमोद कुमार सहनी, प्रियरंजन झा, फुलेन्द्र कुमार, विद्यालय लिपिक चन्द्रमणी सूर्येश मौजूद थे।





















































