स्कूल के छात्रों ने खोला ‘गुठली बैंक’, आम-जामुन के बीज इकट्ठा कर लगाएंगे पौधे।

15

अमरदीप नारायण प्रसाद

पन्ना,पवई,नारायणपुर। शासकीय माध्यमिक शाला नारायणपुर के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल करते हुए विद्यालय में ‘गुठली बैंक’ की स्थापना की है। इसमें बच्चे गर्मियों में खाए जाने वाले आम, जामुन, इमली और बेर की गुठलियां/बीज इकट्ठा करेंगे और बारिश में उनसे पौधे तैयार करेंगे।

इस अभियान की शुरुआत शिक्षक सतानंद पाठक ने की। उन्होंने बताया कि अक्सर हम फल खाकर गुठली कचरे में फेंक देते हैं। जबकि एक गुठली से कल एक बड़ा पेड़ बन सकता है जो हमें फल, छाया और ऑक्सीजन देगा। बच्चों को प्रकृति का कर्ज चुकाना सिखाने के लिए यह बैंक खोला गया है।

विद्यालय के बरामदे में एक मिट्टी का घड़ा रखा गया है जिसे ‘गुठली बैंक’ नाम दिया है। बच्चे रोज घर से धोकर सुखाई हुई गुठलियां लाकर इसमें डाल रहे हैं। कक्षा 7वीं के छात्र राज वर्मन ने कहा कि मैंने कल 15 आम की गुठली डाली हैं। गुरुजी ने कहा है कि जुलाई में हम सब मिलकर इन्हें गांव के बाहर खाली जमीन पर बोएंगे।

सतानंद पाठक ने बताया कि पिछले माह साइकिल रैली के दौरान उन्होंने देखा कि सड़क किनारे सैकड़ों फलदार पेड़ सूख गए हैं। तब लगा कि नए पेड़ लगाने का सबसे सस्ता तरीका गुठली सहेजना है। लक्ष्य है कि इस सीजन में 1000 से ज्यादा गुठलियां इकट्ठी हों।

विद्यालय में ‘हर गुठली, एक उम्मीद’ नारा भी लिखा गया है। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे घर-पड़ोस में भी लोगों को गुठली फेंकने से रोकेंगे। एकत्र गुठलियों को मानसून में ‘एक छात्र-एक पेड़’ अभियान के तहत रोपा जाएगा।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की है। पंच अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि अगर हर स्कूल ऐसा करे तो कुछ साल में गांव फिर से हरा-भरा हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here