अमरदीप नारायण प्रसाद
समस्तीपुर। समस्तीपुर में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक बुजुर्ग की जान चली गई। घटना कर्पूरीग्राम थाना छेत्र के बाघी वार्ड नंबर 6 की बताई जा रही है, जहां रामचंद्र सिंह की उनके ही पड़ोसी द्वारा बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। दोनों पक्षों के बीच वर्षो से रास्ते को लेकर विवाद चला आ रहा था।हालांकि यह विवाद अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते हिंसक रूप में बदल गया। इस दौरान पड़ोसी ने ही अपने पड़ोसी रामचंद्र सिंह पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।























































