स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समीक्षात्मक बैठक

18


जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा आयोजित डिप्लोमा सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा [D.C.E.C.E. (PE/PM/PMM)]-2026 के सफल, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुगम प्रवेश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उक्त परीक्षा दिनांक 23 एवं 24 मई 2026 को एक-एक पाली में आयोजित की जाएगी। समस्तीपुर जिला अंतर्गत कुल 18 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:15 बजे तक निर्धारित है। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं तथा परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्र अधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को समय पर अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित होकर परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता समस्तीपुर श्री ब्रजेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी समस्तीपुर श्री कामेश्वर प्रसाद गुप्ता सहित सभी संबंधित पदाधिकारीगण, दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here