ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के पीजी समाजशास्त्र विभाग में एक अत्यंत महत्वपूर्ण संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया, जिसका विषय “नैतिकता और वर्तमान समाज” था, जिसमें समकालीन समाज में नैतिक मूल्यों के क्षरण और उनकी प्रासंगिकता पर गंभीर चर्चा की गई। मुख्य वक्ता विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग के अध्यक्ष डॉ कृष्ण कांत झा ने अपने संबोधन में वर्तमान सामाजिक परिप्रेक्ष्य में नैतिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विष्णुपुराण, मनुस्मृति, महाभारत एवं विदुरनीति इत्यादि विभिन्न ऐतिहासिक और पौराणिक ग्रंथों के अंतर्गत वर्णित नैतिकता और समाज के सम्बन्धों की विस्तृत व्याख्या की। वहीं विशिष्ट वक्ता के रूप में संस्कृत-प्राध्यापक डॉ आर एन चौरसिया ने अपने सारगर्भित विचार साझा किए, जिसमें उन्होंने स्वयं से पहले समाज के प्रति समर्पण भाव को रखने की अपील की। कहा कि वर्तमान समाज में नैतिकता एक गहन संकट है, क्योंकि आधुनिक भाग-दौड़, भौतिकता, व्यक्तिवाद और शीघ्र लाभ की चाह के कारण नैतिकता में गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि ‘मैं’ की जगह ‘हम’ की भावना सर्वोपरि होना चाहिए। बच्चों के लिए परिवार प्रथम पाठशाला होता है, जहां वे नैतिकता का पाठ सीखते हैं। अपने समाज के माहौल का भी व्यक्ति की नैतिकता पर काफी असर पड़ता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष सह सामाजिक विज्ञान के संकायाध्यक्ष प्रो ध्रुव कुमार द्वारा की गई, जिन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी समाज की नैतिकता उस समाज के मूल्यों और प्रतिमानों पर आधारित होती है और समाज इनको संवेदनशीलता के साथ आत्मसात करता है तो उस समाज की नैतिकता जीवित रहती है। डॉ लक्ष्मी कुमारी द्वारा वक्ताओं का स्वागत संबोधन किया गया। डॉ प्रमोद गांधी द्वारा मंच संचालन किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ सुनीता कुमारी ने किया। कार्यक्रम का कुशल प्रबंधन डॉ राफिया काज़िम ने किया।
इस बौद्धिक विमर्श में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक एवं विद्वान शामिल हुए, जिनमें मुख्य रूप से डॉ ममता स्नेही, डॉ सुनीता कुमारी, डॉ मोना शर्मा इत्यादि उपस्थित थे। इनके साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
[
Home चंद्रकांता न्यूज़ विश्वविद्यालय समाजशास्त्र विभाग में ‘नैतिकता और वर्तमान समाज’ विषयक सेमिनार आयोजित






















































