अमरदीप नारायण प्रसाद
समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 80/2026 में दर्ज हत्या मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की है। मृतक सोन कुमार सिंह की पत्नी ने एसपी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, फरार नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा साक्ष्य मिटाने के आरोपों की गहन जांच कराने की मांग उठाई है। आवेदन में कहा गया है कि सभी प्रत्यक्षदर्शी एवं महत्वपूर्ण गवाहों के बयान शीघ्र और निष्पक्ष तरीके से दर्ज किए जाएं, ताकि अनुसंधान प्रभावित न हो। साथ ही आरोप लगाया गया है कि रामप्रवेश सिंह एवं मनोज कुमार सिंह द्वारा घटनास्थल से रक्त समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। इस पहलू की गंभीर जांच कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक अतिरिक्त धाराएं जोड़ने की भी मांग की गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से विवेचना की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने, न्यायालय में मजबूत केस डायरी प्रस्तुत करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। परिवार का कहना है कि उन्हें निष्पक्ष एवं शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन तत्काल प्रभावी कदम उठाए, ताकि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।























































