समस्तीपुर जिले के चकमहेशी थाना क्षेत्र के सोमनाहा पंचायत अंतर्गत मनियारपुर गांव के समीप बूढ़ी गंडक नदी किनारे से शुक्रवार को पुलिस ने एक 16 वर्षीय युवती का शव बरामद किया। मृतका की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के चकहाजी गांव निवासी सुरेश महतो की पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है।
मृतका के पिता सुरेश महतो ने पुलिस को बताया कि ज्योति गुरुवार को नदी में स्नान करने के लिए आई थी। इसी दौरान क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि ज्योति ने पुल से नदी में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलने पर चकमहेशी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी किनारे से बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




















































