समस्तीपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को जिले के ताजपुर में छात्रों और युवाओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। शांतिपूर्ण रैली निकालकर प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, मामले की निष्पक्ष जांच और पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होने से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व सैयद नेमत और मो. नसमी ने किया। रैली में आकिल इकबाल, कादिर इमाम, मोहम्मद रेयान, मोहम्मद इंतशर, मोहम्मद जावेद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाईं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल एक परीक्षा को प्रभावित नहीं करतीं, बल्कि लाखों अभ्यर्थियों के सपनों और वर्षों की मेहनत पर भी चोट पहुंचाती हैं। उनका कहना था कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर सख्ती नहीं हुई तो प्रतियोगी परीक्षाओं से युवाओं का भरोसा कमजोर होगा। रैली के दौरान छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए। साथ ही भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाया जाए। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस प्रदर्शन में युवाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तक उनकी आवाज उठती रहेगी।






















































