हाजीपुर/देसरी,
संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत सृजन साथी एक्टिवेशन/एप्लिकेशन के माध्यम से अपने-अपने प्रखंड में सर्वाधिक नए सृजन साथियों को जोड़ने तथा संगठन को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नेताओं को प्रखंड कांग्रेस कमिटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के माननीय प्रभारी श्री कृष्णा अल्लावरू जी तथा माननीय अध्यक्ष श्री राजेश राम जी के सहमति एवं निर्देशानुसार तत्काल प्रभाव से जंदाहा में चंदन झा, पातेपुर में मो. अनवारूल हक, चेहराकलां में आलोक कुमार, महुआ में उत्कर्ष महराज उर्फ बच्चा बाबू, राजापाकड़ में चंदन कुमार यादव, देसरी में अभिषेक कुमार, सहदेई बुजुर्ग में अभिजीत कुमार वर्मा एवं महनार में सचिन कुमार को प्रखंड कांग्रेस कमिटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रंजीत पंडित ने सभी नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की जिम्मेदारी अब और अधिक प्रभावी ढंग से निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त अध्यक्ष अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी, पूर्व अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी तथा कांग्रेस महासचिव एवं सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस की विचारधारा एवं संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रखंडों में संगठन का विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय एवं सशक्त करना, जनसंपर्क एवं सदस्यता अभियान को गति देना, जनहित के सवालों को उठाना तथा पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करना नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने सभी नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि वे पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।


















































