पश्चिम चंपारण ने मेजबान समस्तीपुर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

20
  • क्वार्टर फाइनल में पश्चिम चंपारण, सारण, समस्तीपुर और सिवान का दबदबा, अंतिम चार में दिखाया दम
    समस्तीपुर : शहर के रेल परिसर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खेल मैदान में शिक्षा विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026 के तीसरे दिन रोमांच अपने चरम पर रहा। क्वार्टर फाइनल के बाद खेले गए पहले सेमीफाइनल में पश्चिम चंपारण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान समस्तीपुर को 4-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश करने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। पहले सेमीफाइनल में पश्चिम चंपारण की प्रीति कुमारी ने दो गोल कर जीत की नींव रखी, जबकि अनु और बिंदिया कुमारी ने एक-एक गोल का योगदान दिया। मेजबान समस्तीपुर की ओर से काजल कुमारी ने एकमात्र गोल किया। मुकाबले में दोनों टीमों ने तेज गति से आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन निर्णायक मौकों पर पश्चिम चंपारण की टीम अधिक प्रभावी साबित हुई। इससे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पश्चिम चंपारण ने कैमूर को 9-0 से पराजित कर अपनी दावेदारी मजबूत की। इस मैच में प्रीति कुमारी ने चार गोल दागे, जबकि गीता कुमारी एवं रितिका कुमारी ने दो-दो तथा बिंदिया कुमारी ने एक गोल कर टीम को एकतरफा जीत दिलाई। दूसरे क्वार्टर फाइनल में सारण ने खगड़िया को 8-0 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। रिया राज ने चार गोल, चांदनी कुमारी ने तीन तथा खुशबू कुमारी ने एक गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। तीसरे क्वार्टर फाइनल में मेजबान समस्तीपुर ने दरभंगा को 4-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सुमन कुमारी ने दो गोल, जबकि ज्वाला कुमारी और साक्षी गुप्ता ने एक-एक गोल किए। चौथे क्वार्टर फाइनल में सिवान ने मुंगेर के खिलाफ 9-0 की प्रभावशाली जीत दर्ज कर अंतिम चार में स्थान सुनिश्चित किया। रंजना कुमारी ने तीन, अंशु कुमारी ने दो तथा आराधना, बेबी, पिंकी और रोशनी ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में उल्लेखनीय योगदान दिया।
    दिन के मुकाबलों का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रतिभा को निखारने का श्रेष्ठ मंच हैं और सभी खिलाड़ियों को अनुशासन तथा खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।
    मुकाबलों में मुख्य रेफरी की जिम्मेदारी रोहतास के शशि सिंह ने निभाई, जबकि मुजफ्फरपुर के अलीमउद्दीन, पूर्णिया के रजनीश पांडेय, समस्तीपुर के मोहम्मद शाहिद, मुंगेर की मोना कुमारी एवं सारण की सरिता कुमारी ने निर्णायक की भूमिका का सफल निर्वहन किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में खेल विभाग की टीम पूरी मुस्तैदी से जुटी रही। सहायक वरुण कुमार सिंह, सुभीत कुमार बिट्टू, विनय कुमार विनय, राजीव तिवारी, राहुल कुमार, विघ्नेश कुमार, रजनीश कुमार पांडेय, संजीव कुमार, अमित कुमार, मदन भगत, कुमारी वंदना, वैजयंती प्रिया, निकिता एवं पूजा कुमारी सहित जिले के सहायक एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here