पूसा प्रखंड के 11 स्वास्थ्य उपकेन्द्र में से भाकपा के निरीक्षण में 10 मिले बंद, मात्र एक खुला।

599

अमरदीप नारायण प्रसाद

बिहार के समस्तीपुर जिले के पुसा में भाकपा-माले प्रखंड कमिटी की बीते दिनों हुई बैठक के निर्णय के आलोक में भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार के नेतृत्व में पूसा प्रखंड के 11 स्वास्थ्य उपकेन्द्र का निरीक्षण शनिवार को किया गया। जिसमें निरीक्षण के दौरान 10 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों में ताला लटका मिला। मात्र एक गंगापुर स्वास्थ्य उपकेन्द्र खुला मिला। बंद स्वास्थ्य उपकेन्द्रों में विष्णुपुर बथुआ ,धर्मागतपुर बथुआ, कुबौलीराम, खैरी, रेपुरा, कोआरी, ठहरा गोपालपुर, बिरौली, मलिकौर, धोबगामा शामिल है। इस दौरान भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि पंचायतों में स्वास्थ्य उपकेंद्रों की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। महीने के अधिकतर दिनों में केंद्र में ताला लगा रहता हैं। उन्होंने कहा कि देख-रेख के अभाव एवं उपेक्षा के कारण स्वास्थ्य उपकेन्द्र दिनोंदिन उपेक्षित होता गया । वर्तमान समय में स्वास्थ्य उपकेन्द्र अपना अस्तित्व भी खोता जा रहा है। स्वास्थ्य उपकेन्द्र भवन धाराशायी हो रहे हैं। दीवार जर्जर होकर गिर रहे हैं। कई स्वास्थ्य उपकेन्द्र भवन भूत बंगले के रूप में तब्दील हो चुका है । धोबगामा के स्वास्थ्य उपकेंद्रों को देखने से लगा कि वर्षों से ताला भी नहीं खुला है। शेष बचे स्वास्थ्य उपकेन्द्र का निरीक्षण शीघ्र किया जाएगा । माले प्रखंड कमिटी सदस्य महेश सिंह ने कहा कि यदि अविलम्ब स्वास्थ्य उपकेन्द्र की बदतर व्यवस्था को ठीक नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में सभी पंचायतों की जनता के साथ मिलकर भाकपा-माले आंदोलन करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here