अमरदीप नारायण प्रसाद
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना सोमवार की देर शाम की बताई जा रही है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि एक युवती बाजार से कपड़े की दुकान से काम कर अपने घर लौट रही थी। तभी अज्ञात 3 की संख्या में युवकों ने जबरदस्ती युवती को उठाकर सुनसान जगह पर ले गए, जहां सभी ने उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद युवती की हालत नाजुक बन गई। युवती किसी तरह अपने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद परिजन युवती को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विभूतिपुर ले गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने युवती को सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया। बताया गया है कि उसके गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में रखा गया है। बताया जा रहा है कि युवती के साथ घटित घटना के बाद आस-पड़ोस के लोगों द्वारा एक आरोपी युवक को पकड़ लिया गया था, लेकिन लोगों की भीड़ उसे बचा कर भगा दिया। बता दें कि विभूतिपुर थाना क्षेत्र का यह कोई पहला सामूहिक दुष्कर्म का मामला नहीं है। पूर्व में भी इस तरह के वारदातों को दरिंदों ने अंजाम दिया है। वैसे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। जितने मुंह उतनी बातें कही जा रही है।

















































