बस स्टैंड से ताजपुर रोड तक अतिक्रमण की स्थिति का जायजा

35

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने तथा आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी, सदर समस्तीपुर दिलीप कुमार द्वारा आज बस स्टैंड से ताजपुर रोड तक विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि सड़क एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है तथा आमजन को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अतिक्रमण चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। श्री कुमार ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यवसायियों से भी अपील की कि वे स्वेच्छा से सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
इसके उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी ने भोला टॉकीज रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य स्थल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य निष्पादन की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने हेतु आवश्यक संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, आमजन की सुविधा एवं निर्माण कार्य के कारण उत्पन्न संभावित चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है तथा विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराना है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here