- चार दिवसीय 65वीं राज्य स्तरीय बालिका अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों, रेफरी एवं आयोजन टीम को किया गया सम्मानित
समस्तीपुर : शहर के रेल परिसर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पू.म.रे., समस्तीपुर के खेल मैदान में पिछले चार दिनों से खेली जा रही 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026 सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हो गया। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल में सिवान और पश्चिम चंपारण (बेतिया) के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। निर्धारित 60 मिनट तक पहले एवं दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने शानदार आक्रामक एवं रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम निर्धारित समय सीमा के अंदर गोल नहीं कर सकी। इसके बाद ट्राईब्रेकर से हुए निर्णय में सिवान की टीम ने दबाव के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की और राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पश्चिम चंपारण की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में सिवान की पिंकी कुमारी को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, पश्चिम चंपारण की प्रीति कुमारी को सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर तथा पश्चिम चंपारण की तन्नु कुमारी को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर घोषित कर ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता के दौरान निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट दायित्व निभाने वाले सभी तकनीकी पदाधिकारियों एवं निर्णायकों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों तथा आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रतिनियुक्त शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न प्रदान किया। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर ने सफल आयोजन, अनुशासित व्यवस्था और उत्कृष्ट मेजबानी के माध्यम से राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित की है। पारितोषिक वितरण समारोह का प्रभावी संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ‘बिट्टू’ ने किया। प्रतियोगिता में मुख्य रेफरी के रूप में शशि सिंह (रोहतास) तथा तकनीकी पदाधिकारियों के रूप में अलीमउद्दीन (मुजफ्फरपुर), रजनीश पांडेय (पूर्णिया), रोहित कुमार (सीतामढ़ी), राहुल प्रियांशी एवं समीर संजय (पश्चिम चंपारण), मोना वर्मा (मुंगेर), मोहम्मद शाहिद (समस्तीपुर) तथा सरिता कुमारी (सारण) ने अपनी सेवाएं दीं। प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में वरुण कुमार सिंह, अंशु कुमार सिन्हा, सुभीत कुमार सिंह, विनय कुमार विनय, मदन कुमार भगत, संजीव कुमार, रजनीश कुमार पांडेय, समीर उरांव, निखिल कुमार सिंह, राजीव कुमार, राम कुमार, राहुल कुमार, विघ्नेश कुमार, अमित कुमार, अंजनी कुमार, पूजा कुमारी, कुमारी वंदना, वैजयंती प्रिया, निकिता शर्मा, सोनाली कुमारी, जयदेवी कुमारी, उमेश कुमार, सुनील कुमार, राजकमल रौशन, चंद्रशेखर सिंह एवं सीमा गिरी सहित जिले के सहायक एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।





















































