संजय भारती
समस्तीपुर। जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र और क्राई-चाइल्ड राइट्स एंड यू के संयुक्त तत्वाधान में विश्व स्तनपान सप्ताह के मौके पर सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत अख्तियारपुर रविदास टोला एवं विषहर स्थान, उदयपुर, मुसहर टोला, खालिसपुर, रविदास टोला, किसनपुर यूसूफ, मछुआरा टोला, जान मोहम्मदपुर और रसलपुर में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में गर्भवती, धातृ माताओं एवं उपस्थित लोगों को स्तनपान के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेष रूप से बच्चों के जन्म के तुरंत बाद मिलने वाले गाढ़े पीले दूध को नवजात शिशु के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया और इसे बच्चे को अवश्य पिलाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि गाढ़े पीले दूध में बच्चे की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले अनेक महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह नवजात शिशु को संक्रमण से बचाने और उसके स्वस्थ विकास व मानसिक विकास में मदद करता है। इसके साथ हीं हरी साग-सब्जियों एवं पौष्टिक भोजन के सेवन तथा सही खान-पान के महत्व पर भी चर्चा की गई। माताओं को बताया गया कि बच्चे को छह महीने तक केवल माँ का दूध देना चाहिए। छह महीने की आयु पूरी होने के बाद बच्चे को माँ के दूध के साथ-साथ उचित ऊपरी/पूरक आहार जैसे दलिया, दाल का पानी आदि देना शुरू करना चाहिए। गोष्ठी के माध्यम से माताओं और परिवार के सदस्यों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र की वीणा कुमारी, ललिता कुमारी, बलराम चौरसिया, किरण कुमारी, वीभा कुमारी, रविन्द्र पासवान, माला कुमारी, कंचन कुमारी तथा प्रेरणा कुमारी ने गांव की सामुदायिक गपसप, बातचीत, चर्चा, गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रुप में बातों को रखा।



















































