युवा नेतृत्व में टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत MY Bharat समस्तीपुर द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम!

27

अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर:युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के MY Bharat के तत्वावधान में MY Bharat समस्तीपुर द्वारा युवा नेतृत्व में टीबी मुक्त भारत अभियान (Yuva Led TB Mukt Bharat Abhiyan) के पायलट चरण/प्रथम चरण के अंतर्गत जिले में युवाओं को टीबी के प्रति जागरूक करने तथा टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय प्रयासों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत 18 अगस्त 2026 से 22 अगस्त 2026 तक जिला टीबी केंद्र, सदर अस्पताल, समस्तीपुर में Experiential Learning Programme का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को टीबी की पहचान, लक्षण, जांच, उपचार, बचाव तथा टीबी उन्मूलन अभियान में समुदाय एवं युवाओं की भूमिका के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है।

इसके अतिरिक्त, जिले के पाँच प्रखंडों—विभूतिपुर, कल्याणपुर, सिंघिया, रोसड़ा एवं दलसिंहसराय में संबंधित PHC/CHC में एक दिवसीय Know TB Session (KTS) आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों के माध्यम से युवाओं को टीबी के लक्षण, संक्रमण से बचाव, समय पर जांच एवं उपचार तथा टीबी मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।

इस पायलट चरण/प्रथम चरण का विशेष उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें टीबी जागरूकता के दूत के रूप में तैयार करना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा आगे अपने-अपने प्रखंडों में सामाजिक जागरूकता अभियान संचालित करेंगे तथा ग्रामीण एवं स्थानीय समुदायों के बीच टीबी के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार के संबंध में जागरूकता फैलाएंगे। वे लोगों को समय पर टीबी की जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ टीबी से जुड़े सामाजिक कलंक एवं भ्रांतियों को दूर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यह संपूर्ण कार्यक्रम सुश्री विजेता मजूमदार, जिला युवा अधिकारी, MY Bharat समस्तीपुर* तथा डॉ. विशाल, जिला टीबी अधिकारी, समस्तीपुर के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में आयोजित किया जा रहा है। दोनों विभागों के समन्वय से युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ने तथा उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी जागरूकता गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा है।

MY Bharat समस्तीपुर का यह अभियान युवाओं की ऊर्जा एवं सक्रिय भागीदारी को टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय प्रयासों से जोड़ते हुए समस्तीपुर को टीबी मुक्त बनाने तथा भारत को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षित युवा अपने समुदायों में जागरूकता का संदेश पहुंचाकर “टीबी हारेगा, भारत जीतेगा” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here