स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की अंतिम तैयारियों की समीक्षा, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

31


समस्तीपुर: आगामी 23 अक्टूबर 2026 को निर्धारित स्नातक निर्वाचन एवं शिक्षक निर्वाचन के मतदान को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन से संबंधित अंतिम तैयारियों की समीक्षा की जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा समाहरणालय सभागार में गई। बैठक में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित नोडल एवं वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता, समस्तीपुर श्री ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री विनोद कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री प्रवीण कुमार सहित सभी निर्वाचन कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मतदान की निर्धारित तिथि 23 अक्टूबर 2026 को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने पर विशेष बल दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों से उनके-अपने कोषांगों की तैयारियों की जानकारी ली गई तथा निर्देश दिया गया कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश
समीक्षा के दौरान मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, मतदान केंद्रों की तैयारी, निर्वाचन सामग्री की व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया के सुचारु संचालन से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लें तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल उसका निराकरण सुनिश्चित करें।
मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं निर्वाचन सामग्री की व्यवस्था
मतदान कार्य में संलग्न कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, आवश्यक प्रशिक्षण, मतदान सामग्री के वितरण तथा मतदान दलों के आवागमन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मतदान से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्धारित समय पर मतदान कार्य प्रारंभ एवं संपन्न कराया जा सके।
विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा पर विशेष जोर
निर्वाचन के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। संबंधित पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने, आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने को कहा गया। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
परिवहन एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा
जिला परिवहन पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन कार्य में प्रयुक्त वाहनों की उपलब्धता एवं आवश्यक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, निर्वाचन से संबंधित सभी कोषांगों को अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी सजगता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
जिला प्रशासन, समस्तीपुर द्वारा स्नातक निर्वाचन एवं शिक्षक निर्वाचन के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here