समस्तीपुर से एम नईमुद्दीन आजाद कि रिपोर्ट !
पूसा (समस्तीपुर)(चंद्रकांता)। डा0 राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय को एशिया टूडे रिसर्च एंड मीडिया की ओर से वर्ष के सबसे आशाजनक कृषि विश्वविद्यालय (मास्ट प्रामिसिंग एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी आफ दी इयर) का पुरस्कार दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति डा0 रमेश चन्द्र श्रीवास्तव ने बेंगलुरु में आयोजित एक भव्य समारोह में पुरस्कार ग्रहण किया। विश्वविद्यालय को यह पुरस्कार अनुसंधान, प्रसार तथा शैक्षणिक क्षेत्र में वर्ष की विशिष्ट उपलब्धियों के लिए दिया गया है। पुरस्कार ग्रहण करने के बाद अपने संदेश में कुलपति डा0 श्रीवास्तव ने कहा कि यह पुरस्कार विश्वविद्यालय के सभी कर्मचारियों, अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों के सतत प्रयत्नों की उपलब्धि हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह एक गर्व का विषय है कि वे एक श्रेष्ठ टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी और कहा कि कर्मचारियों के टीम भावना से काम करने के कारण ही विश्वविद्यालय को लगातार विभिन्न पुरस्कार मिल रहे है। उन्होंने कहा कि हमें प्रगति के पथ पर लगातार चलते रहना है और नई उंचाईयों को हासिल करना है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा0 पीपी श्रीवास्तव और निदेशक शिक्षा डा0 एमएन झा ने कुलपति को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई कामयाबियां हासिल करेगा। कुलपति को विश्वविद्यालय के डीन डा0 सोमनाथ राय चौधरी, डा0 राकेश मणि शर्मा, डा0 एके सिंह, डा0 कुमार राज्यवर्धन समेत विभिन्न अधिकारियो एवं वैज्ञानिकों ने भी बधाई दी।




















































