समस्तीपुर। विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के खास टभका उत्तर पंचायत की मुखिया वैजंती माला देवी ने वार्ड नंबर 2 स्थित ऐतिहासिक ‘रानी पोखर’ के जीर्णोद्वार एवं एक स्थायी छठ घाट की निर्माण के लिए जिला पदाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। मुखिया ने इस संबंध में जिला पदाधिकारी को एक लिखित आवेदन सौंपा है। दिए गए आवेदन में उन्होंने कहा है कि खास टभका उत्तर पंचायत के वार्ड नंबर 2 में स्थित रानी पोखर अत्यंत विशाल है, जिसके चारों तरफ की परिधि लगभग 2000 फीट है। ज्ञापन में बताया गया है कि पोखर की विशालता के कारण, इसका जीर्णोद्धार और स्थायी छठ घाट का निर्माण कराना ग्राम पंचायत के सीमित संसाधनों और राजस्व से संभव नहीं है। पंचायत की राशि अन्य कार्यों में खर्च हो जाती है। यह पोखर पंचायत के लगभग आधे हिस्से (वार्ड 3, 5, 9, 10) के लोगों के लिए आस्था का केंद्र है, जहां वे छठ पर्व मनाते हैं। मुखिया ने बताया कि छठ पर्व के दौरान ग्रामीण गिट्टी काटकर अस्थायी घाट बनाते हैं, जिस वजह से पोखर के चारों ओर बनी सड़क कट गई है। सड़क कटने से बड़ी गाड़ियों का आवागमन बहुत मुश्किल हो गया है, जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटनाएं घटित हो सकती है। मुखिया ने जिलाधिकारी से सख्त जन समस्या की तुरंत जांच कराकर रानी पोखर का जीर्णोद्धार एवं एक स्थायी छठ घाट का निर्माण कराने की निवेदन किया है।





















































