संजय भारती
समस्तीपुर। हसनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परोरिया पंचायत के केसरौरा टोला में बीते दिनों 50 वर्षीय ग्रामीण चिकित्सक गुलज़ार अहमद उर्फ शाहीन की 18 सितंबर की रात्री घर में घुसकर सोए हुए अवस्था में अपराधियों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। जिसको लेकर हसनपुर विधानसभा के वरीय राजद नेता ललन यादव ने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी प्राप्त करते हुए परिजनों को सांत्वना देते हुए मृतक के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने एवं घटना की उच्चस्तरीय जाँच करवाने का भरोसा दिलाया। वहीं मृतक के पिता सुल्तान अहमद ने बताया कि मेरे इकलौते पुत्र शाहीन बेहद ही मिलनसार व्यक्ति थे और हर किसी के लिए आसानी से उपलब्ध रहकर सबों को बिना किसी भेदभाव के उपचार किया करते थे इसलिए वो बिल्कुल निर्भीक होकर प्रतिदिन दिन की भांति बरामदे पर ही सोए हुए थे कि अचानक से घात लगाए अपराधियों ने निर्ममता से शाहिन की हत्या कर दी। मौके पर युवा राजद नेता टुन टुन कुमार, राजन कुमार आदि दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।


























































