जन संवाद में जिलाधिकारी ने सुनी आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश।

21


जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज दिनांक 25 सितंबर 2026 को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन संवाद में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
जन संवाद के दौरान आम नागरिकों द्वारा भूमि एवं राजस्व, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, विद्युत, सड़क, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले जिलाधिकारी के समक्ष रखे गए।
जिलाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा मौके पर उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की नियमानुसार जांच करते हुए त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जन संवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन संवाद में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। जिन मामलों में अन्य विभागों अथवा उच्चतर स्तर से कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें संबंधित कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति का नियमित अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना सुनिश्चित किया जाए।
जन संवाद कार्यक्रम में अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री विष्णु देव मंडल, जिला परिवहन पदाधिकारी, राजस्व प्रभारी श्री धर्मराज, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here